विशाल भारद्वाज की दुनिया में एक अलग अवतार!
बॉलीवुड में जब भी शाहिद कपूर और विशाल भारद्वाज का नाम साथ आता है, दर्शकों को कुछ हटकर, गहराई से भरा और यादगार सिनेमा देखने को मिलता है। अब एक बार फिर यह दमदार जोड़ी फिल्म ‘ओ’रोमियो’ के साथ वापसी कर रही है, जिसकी पहली झलक खुद साजिद नाडियाडवाला ने सामने रखी है।
शाहिद कपूर का यह फर्स्ट लुक महज़ एक तस्वीर नहीं, बल्कि उनके किरदार की पूरी झलक देता है। इस लुक में शाहिद का चेहरा रहस्यमयी है, आंखों में तीखापन है और हाव-भाव में एक ऐसा जुनून दिखता है, जो बताता है कि उनका किरदार सिर्फ रोमांटिक नहीं, बल्कि खतरनाक, जटिल और भावनात्मक रूप से गहरा होने वाला है। यही वजह है कि फैंस इस ‘रोमियो’ को आम लवर बॉय से बिल्कुल अलग मान रहे हैं।

विशाल भारद्वाज की फिल्मों की खासियत रही है कि उनके किरदार ग्रे शेड्स में होते हैं न पूरी तरह अच्छे, न पूरी तरह बुरे। ‘ओ’रोमियो’ में भी शाहिद का कैरेक्टर कुछ ऐसा ही नजर आता है, जो प्यार, बदले, पागलपन और जुनून के बीच झूलता दिखेगा।
फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं सिनेमा के मास्टर स्टोरीटेलर विशाल भारद्वाज, जिनके साथ शाहिद कपूर की जोड़ी पहले भी ‘हैदर’ और ‘कमीने’ जैसी यादगार फिल्में दे चुकी है।
फिल्म में शाहिद कपूर के साथ तृप्ति डिमरी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी, जिनकी मौजूदगी कहानी को और दिलचस्प बनाने का वादा करती है।
इस फिल्म को नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस कर रहा है और इसे वैलेंटाइन वीक, यानी 13 फरवरी 2026 को रिलीज़ किया जाएगा। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि ‘ओ’रोमियो’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि दर्शकों के लिए एक इंटेंस, अनप्रिडिक्टेबल और पैशनेट सिनेमैटिक जर्नी साबित होने वाली है।

लेखक – श्री. नितिन फणसे सर
डिजिटल क्रिएटर – नाट्य, मालिका आणि चित्रपट समीक्षक
